मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर अपर कलेक्टर नर्मदापुरम राजीव रंजन पांडे हुए सेवानिवृत
कलेक्टर कार्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री पांडे को दी भावभीनी विदाई
नर्मदापुरम/ अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवा निवृत्त हुए अपर कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी राजीव रंजन पांडे को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित विदाई समारोह के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्मरणीय एवं भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर कलेक्टर सोनिया मीना, अपर कलेक्टर अनिल जैन, बृजेंद्र रावत, डिप्टी कलेक्टर डॉ बबीता राठौर, नीता कोरी, सरोज परिहार सहित कलेक्टर कार्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी तथा उनके परिजन उपस्थित रहे।
एडीएम श्री पांडे मूलतः सासाराम, बिहार के निवासी हैं। उन्होंने अपने प्रशासनिक सेवा काल की शुरुआत वर्ष 1994 में कटनी से नायब तहसीलदार के रूप में की थी। वर्ष 2001 में पदोन्नत होकर तहसीलदार बने और कटनी जिले में ही पदस्थ रहे। वर्ष 2014 से 2016 तक डिप्टी कलेक्टर के रूप में सेवाएं दीं तथा वर्ष 2016 में सीहोर में पदस्थ रहे। वर्ष 2019 में संयुक्त कलेक्टर, वर्ष 2024 में अपर कलेक्टर के पद पर पदोन्नत हुए। 13 अगस्त 2025 को अपर कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी के पद पर नियुक्त हुए।
इस अवसर पर कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना ने अपने संबोधन में कहा कि एडीएम श्री पांडे सर्वगुण संपन्न अधिकारी रहे हैं। जटिल मामलों के निराकरण में उनका अनुभव अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ। राजस्व अधिकारियों के साथ उनकी समीक्षा एवं निरीक्षण प्रक्रिया अत्यंत परिपक्व रही है। उन्होंने अपने कार्यकाल में सभी मापदंडों पर उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय देते हुए सभी को प्रभावित किया। कलेक्टर सुश्री मीना द्वारा श्री पांडे को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका सम्मान किया गया। इस दौरान एडीएम श्री पांडे ने अपने सेवाकाल के अनुभव भी साझा किए। उन्होंने कहा कि अपने अल्प कार्यकाल में मैंने पूरा प्रयास किया है कि अपने दायित्वों का पालन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करूं।
कलेक्टर ने कहा कि श्री पांडे एक सख्त प्रशासनिक अधिकारी होने के साथ-साथ मिलनसार एवं सहज व्यक्तित्व के धनी हैं। उनके लंबे सेवाकाल का अनुभव प्रत्येक दायित्व के निर्वहन में झलकता रहा। इस दौरान सभाकक्ष में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री पांडे के उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की।



No comments:
Post a Comment