मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को प्राथमिकता से होगी आपूर्ति
कालाबाजारी रोकने के लिए निर्देश जारी
नर्मदा पुरम। वर्तमान भू-राजनीतिक परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों को निर्देशित किया गया है कि एलपीजी की आपूर्ति और विपणन केवल घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
ऑयल कंपनियों द्वारा घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित आपूर्ति बनाए रखने के उद्देश्य से एलपीजी वितरण व्यवस्था में अतिरिक्त उपाय लागू किए गए हैं। इसके तहत अब पिछले सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही रिफिल बुकिंग स्वीकार की जा रही है। वर्तमान में प्रदेश में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है। इस कदम का उद्देश्य कालाबाजारी और अनावश्यक अफरा-तफरी को रोकते हुए उपभोक्ताओं को गैस का समान एवं नियमित वितरण सुनिश्चित करना है।
निर्देशानुसार वर्तमान में चिकित्सालयों एवं शैक्षणिक संस्थाओं को छोड़कर अन्य किसी भी वाणिज्यिक उपभोक्ताओं जैसे होटल, मॉल, औद्योगिक क्षेत्र, फैक्ट्री तथा बल्क एलपीजी उपयोग करने वाले प्रतिष्ठानों को कमर्शियल एलपीजी (Bulk and Packed) की आपूर्ति नहीं की जाएगी।
इस संबंध में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा जिला स्तर पर जिला प्रशासन, खाद्य विभाग एवं ऑयल कंपनी के अधिकारियों को एलपीजी वितरकों के साथ नियमित बैठक आयोजित कर घरेलू एवं वाणिज्यिक सिलेंडरों के स्टॉक की उपलब्धता की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही जिले के बड़े वाणिज्यिक उपभोक्ताओं की बैठक आयोजित कर उन्हें उपलब्ध स्टॉक का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा अपनी ईंधन आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए वैकल्पिक ईंधन स्रोतों का उपयोग करने की सलाह देने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि वितरक स्तर पर एलपीजी सिलेंडरों की जमाखोरी या कालाबाजारी की स्थिति उत्पन्न न हो। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा ऑयल मार्केटिंग कंपनियों तथा उनके फील्ड अधिकारियों को जिला प्रशासन के साथ सतत संपर्क में रहकर स्थिति की नियमित समीक्षा एवं निगरानी रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

No comments:
Post a Comment