मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
पंडित रामलाल शर्मा स्मृति समारोह का कल से होगा शुभारंभ
नर्मदापुरम। स्थानीय सत्संग चौक, सेठानी घाट पर 09 मार्च, सोमवार से पांच दिवसीय पंडित रामलाल शर्मा स्मृति समारोह का शुभारंभ होने जा रहा है। समारोह के इस 49 वे वर्ष में भागलपुर (बिहार) से मानस कोकिला श्रीमती कृष्णा देवी मिश्र प्रवचन हेतु पधार चुकी है।
मां सीता की जन्म स्थली मिथिलांचल की निवासी होने के कारण वहां की लोक शैली एवं रसयुक्त व्याख्या एवं श्री सीता राम विवाह के विशेष प्रसंगों की सरस व्याख्या आपके द्वारा की जाती रही है। अपनी मधुर वाणी में मानस की चौपाइयों एवं भजनों के सुमधुर गायन के माध्यम से आप नर्मदापुरम के धर्म प्रेमियों के मध्य अपना विशिष्ट स्थान रखती हैं आपके द्वारा कार्यक्रम के अंत में गाया जाने वाला शयनपद नर्मदापुरम के धर्म प्रेमियों में अत्यन्त लोकप्रिय है।
स्मृति समारोह समिति के प्रवक्ता प्रशान्त दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष पंच दिवसीय ज्ञान सत्र का विषय "विभीषण शरणागति रहेगा जिसे केन्द्र में रखकर इस वर्ष का ज्ञान सत्र आयोजित है। नर्मदाचल वासियों के लिए यह अत्यन्त गौरव का विषय है कि रामचरितमानस की ऐसी सुविख्यात व्याख्याकार प्रवचन हेतु पधार रही है। आयोजन समिति द्वारा बताया गया कि समारोह से जुड़ी समस्त तैयारिया पूर्ण हो चुकी है। कार्यक्रम की शुरूआत सुर वाणी संस्था के कलाकारों द्वारा भजनों की प्रस्तुति से की जावेगी। कार्यक्रम प्रतिदिन सायं 7:30 बजे से प्रारंभ होगा। समारोह समिति द्वारा शहर के धर्मप्रेमियों से इस अवसर का अधिकाधिक लाभ लेने का अनुरोध किया गया है।

No comments:
Post a Comment