मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
सांसद माया नारोलिया ने दिल्ली में भरी विकास की हुंकार: केंद्रीय मंत्रियों से भेंट कर रखी क्षेत्र की विकास योजनाएं
नर्मदापुरम के औद्योगिक और बुनियादी ढांचे के कायाकल्प हेतु सांसद नारोलिया सक्रिय, रेल और सड़क कनेक्टिविटी पर दिया जोर
नर्मदापुरम// राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने वर्तमान संसद सत्र के दौरान नई दिल्ली में विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों के शीर्ष नेतृत्व से भेंट कर नर्मदापुरम संभाग सहित संपूर्ण मध्य प्रदेश के लोक-कल्याणकारी विषयों और जन-आकांक्षाओं को प्रमुखता से प्रस्तुत किया। विकास के प्रति अपनी कटिबद्धता दोहराते हुए सांसद नारोलिया ने सड़क, रेल और औद्योगिक विकास के त्रिकोणीय मॉडल पर विस्तार से चर्चा की।
सांसद नारोलिया ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भेंट कर नर्मदापुरम-टिमरनी-हरदा-खंडवा मार्ग के सुदृढ़ीकरण और इसे राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) का दर्जा प्रदान करने का प्रबल आग्रह किया। उन्होंने तर्क दिया कि इस मार्ग के उन्नयन से न केवल अंतर-राज्यीय व्यापार को गति मिलेगी, बल्कि धार्मिक पर्यटन के दृष्टिकोण से भी यह मार्ग मील का पत्थर साबित होगा।
सफर को सुगम बनाने की दिशा में उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री से भेंट कर जनसामान्य की चिरप्रतीक्षित मांगों को उनके समक्ष रखा। उन्होंने क्षेत्रीय रेलवे स्टेशनों पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव (Stoppage) और रेल इंफ्रास्ट्रक्चर के आधुनिकीकरण हेतु अपने बहुमूल्य सुझाव प्रेषित किए, ताकि यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्राप्त हो सकें।
नर्मदापुरम में स्वरोजगार और आर्थिक समृद्धि के द्वार खोलने हेतु सांसद नारोलिया ने केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी से सार्थक संवाद किया। इस भेंट के दौरान उन्होंने नर्मदापुरम क्षेत्र में भारी उद्योगों की स्थापना की संभावनाओं और इस्पात क्षेत्र में निवेश को लेकर विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। सांसद के इन प्रयासों से क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होने की प्रबल आशा जगी है। इन समस्त मुलाकातों में केंद्रीय मंत्रियों का रुख सकारात्मक रहा और उन्होंने प्रदेश के विकास हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

No comments:
Post a Comment